नाबालिग नवयुवती के साथ दूसरे समुदाय युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म की घटना

मुज़फ्फरनगर,यूपी: शहर कोतवाली क्षेत्र के मौहल्ला रामलीला टिल्ला निवासी नाबालिग नवयुवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की गंभीर एवं शर्मनाक घटना होने के बाद पुलिस ने एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में तथा दूसरे आरोपी कथित चिकित्सक को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना के विरोध में रविवार को बारिश के बावजूद रामलीला टिल्ला पर हुई पंचायत में राष्ट्रीय हिन्दू शक्ति संगठन के राष्ट्रीय संयोजक संजय अरोरा ने एक अस्पताल और एक इंटर कॉलेज में ले जाकर नवयुवक के साथ दुष्कर्म की घटना होने पर इन दोनों संस्थानों के खिलाफ बुल्डोजर, कार्रवाई की मांग उठाई तथा इनके संचालकों को इस मामले में गिरफ्तार करने की मांग की। पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ संजीव बालियान भी पंचायत होने की जानकारी मिलते ही रामलीला टिल्ला पहुंचे और पीड़ित परिवार एवं क्षेत्रवासियों की बात सुनी।
उन्होंने कोतवाली प्रभारी ब्रजेश शर्मा को मौके पर ही तलब कर सख्त शब्दों में सोमवार की शाम तक अस्पताल व इंटर कॉलेज के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, उनके संचालकों की गिरफ्तारी करने और इस पूरे रैकेट को ध्वस्त करने की चेतावनी दी।उन्होंने इस संबंध में पुलिस और प्रशासन के उच्चाधिकारियों से बात भी की। उन्होंने कहा कि पीड़िता को न्याय दिलाना और सभी दोषियों के खिलाफ कार्रवाई कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल भी रामलीला टिल्ला पहुंचे और पीड़ित परिवार एवं आक्रोशित लोगों की बात सुनकर पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस पंचायत में स्वामी यशवीर जी महाराज, हिंदू संगठन समिति के नरेंद्र पंवार, वरिष्ठ भाजपा नेता सुधीर खटीक, सहकारी बैंक के डायरेक्टर हरेंद्र शर्मा, गन्ना समिति के चेयरमैन शंकर सिंह भोला भी उपस्थित रहे। भाजपा जिला महामंत्री सुनील दर्शन और युवा नेता गौरव मुंडे ने इस पंचायत का संचालन किया। हालांकि जिला प्रशासन शनिवार की देर शाम इस पंचायत को स्थगित कराने के लिए काफी प्रयासरत रहा, लेकिन रविवार सुबह निर्धारित समय पर बारिश होने के बावजूद पंचायत में सैकड़ों लोग जुट गए।



