मऊ पुलिस द्वारा ट्राली बैग में 15 लाख रुपये की 80 किलो गांजा के साथ तीनों महिलाएं गिरफ्तार

गाजीपुर,यूपी: गांजा तस्करी के लिए महिलाओं ने ऐसा तरीका अपनाया कि पहली नजर में किसी को शक तक न हो। ट्रॉली बैग में गांजा भरकर बस से सफर कर रही तीन महिला तस्करों का मामला अब चर्चा में है। जानकारी के अनुसार, बिहार की ओर से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के रास्ते गाजीपुर के हैदरगंज टोल प्लाजा से गुजरने के दौरान मऊ एसओजी की कार्रवाई में इन महिलाओं को पकड़े जाने की बात सामने आई है। हालांकि, गिरफ्तारी के स्थान और पुलिस की आधिकारिक कार्रवाई को लेकर अलग-अलग जानकारियां सामने आ रही हैं।
मऊ पुलिस की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, शहर कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को रेलवे ओवरब्रिज स्थित सेल्फी प्वाइंट के पास गोरखपुर जाने वाली बस का इंतजार कर रही तीन अंतरप्रांतीय महिला गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 80 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार तीनों महिलाएं झारखंड के रांची से गांजा लेकर ट्रेन के माध्यम से मऊ पहुंची थीं और यहां से बस द्वारा गोरखपुर जाने की तैयारी में थीं। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान सुमन (45), कुसुम (25) और रीना (28), निवासी कूड़ाघाट एवं गायत्री नगर, गोरखपुर के रूप में हुई है।गैंगस्टर एक्ट में भी हो चुकी है कार्रवाई: पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार महिला सुमन पहले भी गांजा तस्करी के मामले में जेल जा चुकी है। उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। पुलिस अब तीनों से पूछताछ कर गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।



