मंडलस्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता के लिए पीडीडीयू नगरपालिका से 32 ने ठोका दावा

पीडीडीयू नगर,चंदौली: 26वीं जनपदस्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता का आयोजन शनिवार को नगर पालिका इंटर कॉलेज में किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मंडलीय सचिव राकेश सिंह ने मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण व खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। प्रतियोगिता में 15 बालिकाएं तथा 17 बालकों ने गोल्ड मेडल जीतकर मंडलस्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपना चयन पक्का किया।

नगर पालिका इंटर कॉलेज के शारीरिक शिक्षा एवं खेलकूद प्रवक्ता अरुण कुमार ने बताया कि जिले के छह विद्यालयों से कुल 56 छात्र-छात्राओं ने बॉक्सिंग प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया था। जिसमें 32 छात्र-छात्राओं ने गोल्ड जीतकर वाराणसी में आयोजित होने वाले मंडलस्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपना चयन पक्का किया। जनपदीय सचिव महेंद्र कुमार ने सभी विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी। प्रतियोगिता को संपन्न कराने में नंद बॉक्सिंग एकेडमी के कोच तथा चंदौली एमेच्योर बॉक्सिंग एसोसिएशन के जिलासचिव कुमार नंदजी ने रेफरी की भूमिका निभाई जबकि जनपदीय सचिव महेंद्र कुमार तथा विद्यालय खेल विभागाध्यक्ष अरुण कुमार ने जज की भूमिका रहे।



