मध्य विद्यालय पौथू में ‘स्वच्छता ही सेवा’ एवं ‘मिशन लाइफ’ के तहत जागरूकता अभियान का भव्य आयोजन

बारुण,औरंगाबाद:प्रखंड क्षेत्र के मध्य विद्यालय पौथू में ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ और ‘BRICS सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक’ के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं जन-जाग जागरूकता को लेकर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय के शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने मिलकर समाज को स्वच्छता और सतत जीवनशैली का एक नया संदेश दिया।
4-बिन प्रणाली और कचरा प्रबंधन का हुआ व्यावहारिक प्रदर्शन:कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए स्वच्छता संबंधी स्लोगन और 4-बिन (चार कूड़ेदान) प्रणाली का व्यावहारिक प्रदर्शन रहा। छात्र-छात्राओं ने चार अलग-अलग कूड़ेदानों की सहायता से गीला कचरा, सूखा कचरा, प्लास्टिक और खतरनाक कचरे के सही पृथक्करण और प्रबंधन के तौर-तरीकों को बेहद सरल तरीके से समझाया। इसके अलावा ‘मिशन लाइफ’ की विभिन्न थीमों पर आधारित पोस्टर-निर्माण और चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।
शिक्षकों और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी:इस संपूर्ण आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों— भरत सिंह, आदर्श पटेल, विवेक गौतम और नाहिद परवीन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और बच्चों का मार्गदर्शन किया। वहीं, विद्यालय के ऊर्जावान विद्यार्थियों— लभली, पायल, नीहारिका, अंजलि, प्रिया, पूजा, विशाल, अंकुश, मुकेश, हिमांशु, प्रज्ञा और काजल ने अपनी उत्साहपूर्ण प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
कुशल नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है विद्यालय:यह पूरा प्रेरणादायक कार्यक्रम प्रभारी प्रधानाध्यापिका क्षमा शुक्ला के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। उनके देखरेख में विद्यालय में बच्चों के सर्वांगीण विकास और रचनात्मक गतिविधियों के लिए लगातार ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिसकी सराहना स्थानीय स्तर पर अभिभावकों और बुद्धिजीवियों द्वारा भी की जा रही है।इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने पर्यावरण और स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।



